शादी के बाद भी विवाहिता को व्हाट्सएप पर अश्लील संदेश व धमकी,तीन युवकों पर मुकदमा
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
सिंधोरा थाना क्षेत्र में शादीशुदा युवती को व्हाट्सएप पर अश्लील गालियां भेजने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। शिकायत के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं।पीड़िता की मां द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार उनकी 19 वर्षीय बेटी का विवाह हो चुका है और वह अपने ससुराल में रहती है।

आरोप है कि खौदा गांव निवासी मोनू, सोनू और सहजाद लगातार मोबाइल पर अभद्र एवं अश्लील संदेश भेजते थे।विरोध करने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।पीड़िता के अनुसार,कुछ आपत्तिजनक व्हाट्सएप संदेश डिलीट हो चुके हैं,लेकिन आरोपियों की हरकतों से वह और उसका परिवार मानसिक रुप से परेशान और भयभीत है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवती की शादी हो जाने के बाद भी आरोपियों ने उसे परेशान करना बंद नहीं किया।तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।

















