संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जागरुकता रैली को दिखाई गई हरी झंडी
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के अंतर्गत शनिवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सोंधी से जागरूकता रैली निकाली गई।ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।रैली में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, एएनएम और आशा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभागियों ने जागरूकता संबंधी स्लोगन के माध्यम से लोगों को संचारी रोगों से बचाव,स्वच्छता बनाए रखने, घरों के आसपास जलभराव न होने देने तथा मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर अजय कुमार सिंह ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम में जनसहभागिता सबसे महत्वपूर्ण है।

यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर और आसपास साफ-सफाई रखे तथा स्वास्थ्य विभाग की सलाह का पालन करे,तो डेंगू,मलेरिया,चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ.सूर्य प्रकाश यादव ने बताया कि अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर लोगों को संचारी रोगों के लक्षण,बचाव और समय पर उपचार के प्रति जागरूक करेंगी।वहीं,दस्तक अभियान के तहत घर-घर सर्वे कर संभावित रोगियों की पहचान की जाएगी और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

रैली पीएचसी सोंधी परिसर से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनःअस्पताल परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान डॉ.मसूद अहमद खान,विप्लव यादव,राहुल यादव,सुजीत मौर्य,अशोक कुमार कुशवाहा,गुलाब यादव,अंकिता,शाहनवाज़ अहमद,अखिलेश कुमार एवं शैलेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


















