संदिगध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से सनसनी
# गांव के बाहर नहर में युवक का मिला शव, परिवार ने जताई हत्या की आशंका
खेतासराय, जौनपुर।
अजीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
स्थानीय थाना क्षेत्र के लखमापुर गांव के पास नहर में गांव के ही एक युवक का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। शनिवार की अल सुबह शव मिलने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की आशंका जताते हुए मृतक के चाचा ने तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

लखमापुर निवासी साहुल (24) पुत्र स्व. संतलाल यादव मुंबई में ट्रेलर चलाता था। लगभग तीन सप्ताह पहले मुंबई से घर आया था। शुक्रवार को गांव की दलित बस्ती में एक बारात आई थी। रात्रि लगभग आठ बजे घर से शादी में शामिल होने गया था। घर से थोड़ी दूरी पर नहर की पुलिया के नीचे साहुल की लाश मिली तो परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। मां दुर्गावती बेटे के शव से लिपटकर दहाड़े मारने लगी। मृतक की नाक से खून निकल रहा था। दाहिने आंख के ऊपर चोट के निशान देख चाचा नंदलाल यादव ने हत्या की आशंका जताई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल में जुट गई। दो भाईयों में मृतक साहुल बड़ा था। छोटा भाई अंकित सूरत में रहता है। दोनों भाइयों में अभी किसी की शादी नहीं हुई है। थाना प्रभारी रामाश्रय राय ने हत्या की आशंका से इंकार किया है। उनका कहना है कि पुलिया से गिरने पर चोट आने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। तहरीर मिली है। जांच की जा रही है।

















