सच छुपाने की कोशिश नाकाम, बेटा ही निकला पिता का हत्यारा
# अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए मृतक की पत्नी ने दी थी तहरीर
सुइथाकला, जौनपुर।
राजेश चौबे
तहलका 24×7
क्षेत्र के डीह असरफाबाद में साठ वर्षीय वृद्ध का शव शनिवार को उसके अर्द्ध निर्मित रिहायशी कमरे में विस्तर के बगल मिला। मामले में पत्नी ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने के लिए पुलिस में तहरीर दी थी। पूछताछ के दौरान बेटा ही हत्यारा निकला, जो जमीन बिक्री के पैसे के लिए घटना को अंजाम देना कबूल किया। पुलिस उसे गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गांव निवासी प्रभाकर सिंह (60) पुत्र लाल साहब का शव शनिवार दोपहर उसी के अर्द्ध निर्मित रिहायशी कमरे में मिला। काफी समय तक मृतक के न उठने पर जब मृतक का विकलांग बेटा अखिलेश सिंह कमरे में गया तो अन्दर का नजारा देख सन्न रह गया। घटना वाले दिन मृतक की पत्नी मायके गई हुई थी। सूचना पर रोते बिलखते वह भी मौके पर पहुंची। मृतक के माथे पर चोट का निशान था, जिससे पुलिस ने प्रथम दृष्टया हत्या मानकर जांच शुरु की।

मामले में क्षेत्राधिकारी अजित सिंह चौहान सर्किल की पुलिस समेत मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गए थे।उधर प्रभारी निरीक्षक अमित सिंह शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज कर मामले में लगे हुए थे। हत्या की आशंका पर पत्नी सावित्री देवी द्वारा अज्ञात के विरुद्ध दी गई तहरीर पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई थी।

जिले से पहुंची फोरेंसिक टीम ने नमूना इकट्ठा किया। पुलिस बेटे से मामले में जानकारी के लिए पूछताछ में जुट गई। देर शाम तक पुलिसिया जांच में क्षेत्राधिकारी शाहगंज अजीत कुमार सिंह चौहान ने बताया कि पूछताछ में बेटा ही पिता का हत्यारा निकला। उसने बताया कि जमीन की बिक्री के पैसे के हिसाब लेने के दौरान घटना करना स्वीकार किया। फिलहाल पुलिस उसे गिरफ्तार कर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

















