सड़क हादसे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह की मौत,बस चालक फरार
इंदौर/देवास।
तहलका 24×7
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के भतीजे प्रभात सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई।हादसा देवास-इंदौर हाईवे पर शिप्रा क्षेत्र के पास हुआ।घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

जानकारी के अनुसार,प्रभात सिंह देवास से इंदौर की ओर जा रहे थे।शिप्रा क्षेत्र के समीप वह अपनी कार के पास खड़े थे और वाहन में बैठने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरु कर दी है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बस की पहचान कर चालक की तलाश में जुटी है।दुर्घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।सड़क सुरक्षा को लेकर भी एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बीच तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण और यातायात नियमों के सख्त पालन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।


















