सिगरेट न देने पर मनबढ़ युवक ने फूंक दी दुकान
# पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर लगाई न्याय की गुहार
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
क्षेत्र के बीबीगंज बाजार में एक मनबढ़ युवक ने सिगरेट नहीं मिलने पर दुकान में आग लगा दी। रात में आस पास के लोगों ने जैसे तैसे आग पर काबू पाया। दुकानदार ने पुलिस से मामले की शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।पीड़ित लक्ष्मी प्रसाद की पत्नी साधना ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उन्होंने रविवार को रोज की तरह रात में दुकान बंद कर दिया।

परिवार दुकान के अंदर ही रहता है। आरोप है कि देर रात करीब साढ़े 10 बजे ठिठौली गांव निवासी मनोज पुत्र पतिराम ने उनका शटर खटखटाया। लक्ष्मी प्रसाद ने अन्दर से ही पूछा तो उसने सिगरेट मांगी। लक्ष्मी प्रसाद ने सिगरेट नहीं होने की बात कही तो बाहर ही उसने चिल्लाना शुरू कर दिया। थोड़ी देर बाद उसने दुकान के बाहर बने काउंटर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।

आसपास के लोग मौके पर जुटे और किसी तरह आग बुझाने में कामयाब हुए। पीड़िता के मुताबिक उसका लाखों का सामान जलकर खाक हो गया।बताते चलें कि उक्त युवक मनबढ़ और आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं और कुछ महीने पहले ही वो जेल से लौटा है। पीड़िता ने बीबीगंज चौकी पर सूचना देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

















