सिद्धनाथ की दरी में डूबने से वाराणसी के युवक की मौत
# पिकनिक मनाने आया था दोस्तों के साथ,गोताखोरों ने निकाला शव
मिर्जापुर।
तहलका 24×7
चुनार कोतवाली क्षेत्र के सक्तेशगढ़ चौकी अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सिद्धनाथ की दरी में पिकनिक मनाने आए वाराणसी के एक युवक की नहाते समय गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।गोताखोरों की मदद से शव बाहर निकालकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।जानकारी के अनुसार,वाराणसी निवासी 32 वर्षीय राकेश साहनी अपने दोस्तों के साथ सिद्धनाथ की दरी घूमने आया था।

नहाने के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुंड में जा गिरा।पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गया।शाम तक युवक का कोई पता नहीं चलने पर साथियों ने सक्तेशगढ़ चौकी प्रभारी राजेश कुमार पांडेय को सूचना दी।अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान सफल नहीं हो सका।सुबह स्थानीय पुलिस गोताखोरों के साथ दोबारा मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला।

घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया।पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।कोतवाली प्रभारी विजय शंकर पटेल ने बताया कि युवक की डूबने से मौत हुई है।उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि जलप्रपातों और गहरे कुंडों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतें तथा प्रतिबंधित और जोखिम वाले स्थानों पर जाने से बचें।


















