सिपाही की पत्नी ने की आत्महत्या
# इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट में कहा- योगी और मोदी जी बेटियां कहां सुरक्षित हैं?
लखनऊ।
तहलका 24×7
बक्शी का तालाब थाना क्षेत्र में सिपाही की पत्नी ने आत्महत्या कर लिया।महिला ने रविवार को हरियाली तीज पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर सुसाइड करने का वीडियो पोस्ट किया। जान देने से पहले महिला ने पति, जेठ और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप लगाया। महिला ने कहा कि पति उससे मारपीट करता है। ससुराल वाले पति की दूसरी शादी कराना चाहते हैं।

मृतका की पहचान सौम्या कश्यप (25) के रुप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने सौम्या के मायके वालों को घटना की सूचना दी। मृतका का पति अनुराग बीकेटी थाने में ईगल मोबाइल में तैनात है। जो मामपुर बाना में लालता सिंह के मकान में किराए पर सौम्या के साथ रह रहा था। मैनपुरी की रहने वाली सौम्या कश्यप व अनुराग ने चार माह पहले लव मैरिज की थी। सुसाइड से पहले सौम्या ने इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर कर कहा कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज नहीं लाने पर ताना देते थे।

पति अनुराग उसे रोज मारता पीटता है। ये लोग पति की दूसरी शादी कराना चाहते हैं। पति के जीजा रायबरेली पीएसी में हैं, और उनके भाई अधिवक्ता हैं। कहते हैं कि इन्हें बचा लेंगे।मुझे टॉर्चर किया जाता है, मारा-पीटा जाता है, दहेज के लिए परेशान किया जाता है। अगर मैं मर जाऊं तो मेरी एक ही प्रार्थना है कि इन लोगों को छोड़ा न जाए।कहा योगी और मोदी जी कहते हैं कि बेटियां बढ़ाओ-बेटियां बचाओ, लेकिन बेटियां कहीं सुरक्षित नहीं हैं।

कुछ नहीं होता इन लोगों का, कोई न्याय नहीं है। इन लोगों के पास पैसा है, कुछ भी कर सकते हैं। मैं थाने भी गई, हर जगह जाकर थग गई। मुझे टॉर्चर कर मरने को मजबूर कर दिया गया है। सौम्या चेहरे पर लगे घाव भी दिखा रही है। मामले में पुलिस कमिश्नरेट की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर एडीसीपी नॉर्थ ने जांच कराने की बात कही।बताया तहरीर मिली है, कार्रवाई की जाएगी। वहीं बक्शी का तालाब थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी।















