सीटी स्कैन से गरीब व असहायों को मिलेगी मदद : गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव के द्वारा पूर्व सांसद केपी सिंह की उपस्थिति में अमर शहीद उमानाथ सिंह जिला चिकित्सालय में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड द्वारा कारपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत रुपए 1.56 करोड़ की लागत से स्थापित 32 स्लाइस सीटी स्कैन मशीन का सोमवार को विधिवत पूजन कर तथा फीता काटकर लोकार्पण किया गया।

इस अवसर पर राज्यमंत्री ने कहा जिला अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन स्थापित होने से मरीजों को सीटी स्कैन कराने के लिए किसी भी प्रकार की समस्या का सामना नही करना पड़ेगा, उन्हे सीटी स्कैन कराने के लिए बाहर नहीं जाना होगा। अब अस्पताल के भीतर ही सीटी स्कैन कराने की सुविधा उपलब्ध हो गयी है। मशीन स्थापित हो जाने से गरीब, कमजोर, असहाय लोगों को मदद मिलेगी। जनपद में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार आएगा और बेहतर चिकित्सकीय सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिल सकेंगी।

जिला अस्पताल में निर्धारित शुल्क मात्र 500 रुपए में सीटी स्कैन हो सकेगा। जनपद के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है।राज्यमंत्री ने कहा कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि जिला चिकित्सालय में सभी प्रकार की चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए भविष्य में भी चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के साथ ही समस्त मूलभूत सूविधाएं उपलब्ध कराया जाएगा।

उन्होने बताया इस मशीन सीएसआर फंड से स्वीकृति दिलाने में भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के अधिकारियों, कर्मचारियों का अद्वितीय योगदान रहा है, जिसके लिए सभी को धन्यवाद ज्ञापित किया।जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने कहा कि जिला अस्पताल में यह सीटी स्कैन मशीन अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित है। उन्होन राज्यमंत्री को इस मशीन को उपलब्ध कराने पर उनका आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अथक प्रयास से यह कार्य सम्भव हो पाया है, जिससे आम जनमानस को निश्चित रूप से राहत मिलेगी। चिकित्सकों को निर्देश दिया कि सुनिश्चित किया जाए की बाहर से सिटी स्कैन करने हेतु न लिखा जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चिकित्सा व्यवस्था में तीव्र गति से सुधार हो रहा है। उन्होंने चिकित्सा विभाग से जुड़े अधिकारी, कर्मचारी सहित आम जनमानस को इसके लिए बधाई दी।संचालन डा. सैफ खान ने किया।इस अवसर पर सीएसआर चीफ देवेन्द्र, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. लक्ष्मी सिंह, सीएमएस डॉ. केके राय, अजय सिंह, मनीष श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


















