सुलतानपुर के पांच साहित्यकारों को मिला साहित्यदीप सम्मान
# गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर प्रयागराज की साहित्यिक पत्रिका ने दिया सम्मान पत्र
सुल्तानपुर।
मुन्नू बरनवाल
तहलका 24×7
गणेश शंकर विद्यार्थी की जयंती पर प्रयागराज की चर्चित साहित्यिक पत्रिका साहित्यांजलि प्रभा ने जनपद के पांच साहित्यकारों को “साहित्य दीप” सम्मान से सम्मानित किया है। यह जानकारी अखिल भारतीय साहित्य परिषद के जिलाध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यकार मथुरा प्रसाद सिंह जटायु ने दी।

उन्होंने बताया कि दामोदर इंटर कालेज पाण्डेयपुर (लम्भुआ) के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ राम प्यारे प्रजापति, इंजीनियर श्याम नारायण श्रीवास्तव, अवधी उपन्यासकार कृष्ण मणि चतुर्वेदी मैत्रेय, राणा प्रताप स्नातकोत्तर महाविद्यालय के असिस्टेंट प्रोफेसर ज्ञानेन्द्र विक्रम सिंह रवि व रामरती इंटर कालेज द्वारिकागंज के हिन्दी अध्यापक सर्वेश कांत वर्मा को इस महत्वपूर्ण सम्मान से नवाजा गया है।

साहित्यदीप सम्मान पाने वाले सभी साहित्यकार अखिल भारतीय साहित्य परिषद के पदाधिकारी हैं। सम्मान प्रदाता पत्रिका के सम्पादक व भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक डॉ भगवान प्रसाद उपाध्याय ने कहा कि साहित्य जगत में उल्लेखनीय कार्य करने वाले देश भर के कुल एक सौ आठ लोगों को यह सम्मान प्रदान किया गया है। इसमें जनपद के पांच साहित्यकारों का शामिल होना गर्व की बात है।

















