सुल्तानपुर : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर अवैध कट से टूर रही है जीवन की डोर
सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
सफर को आसान कर जल्द गंतव्य तक पहुंचने के लिए बना पूर्वाचल एक्सप्रेस-वे पर आवागमन खतरनाक होता जा रहा। कारण जगह-जगह बने अवैध कट, विचरण करते मवेशियों की वजह से आए दिन हादसे हो रहे हैं। पुलिस व यूपीडा की तरफ से सुरक्षा संबंधी उपाय माकूल नहीं हैं। इस कारण करीब ढाई महीने में 19 मौतें हो चुकी हैं, जबकि 44 लोग घायल हुए हैं।

इस एक्सप्रेस-वे से गाजीपुर, बलिया, आजमगढ़, अंबेडकरनगर, बाराबंकी व लखनऊ समेत आस-पास के कई जिलों के लोगों का सफर आसान हो गया। कई जगहों पर अभी भी निर्माण कार्य चल रहे हैं। निर्माण सामग्री लेकर आने व जाने वाले डंफर, ट्रैक्टर व अन्य वाहनों के आने लिए जगह-जगह कट बनाए गए हैं।

अखंडनगर के 173.3 किमी स्थित मोकलपुर व कुंदा भैरोपुर में बनाए गए कट से दिसंबर में कई हादसे हो चुके हैं। जयसिंहपुर स्थित 136 किमी पर ऊंचाई कम होने से एक्सप्रेस-वे पर मवेशी आसानी से चढ़ जाते हैं। 139 किमी पर स्थित चांदपुर के पास बन रहे शौचालय के पास सड़क पर बैरीकेडिंग न होने से भी मवेशी एक्सप्रेस-वे पर पहुंच जाते हैं। प्लांट टू से सामग्री ले जाने के लिए भी अवैध कट बनाया गया है। इससे वाहन चालक भी इस पास से उस पार बेरोकटोक फर्राटा भरते हैं।


















