सुल्तानपुर : बुधवार को छुट्टी पर घर आने वाला था जवान
# तिरंगे में लिपटकर पहुंचा पार्थिव शरीर, मचा कोहराम
सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
जिले में धनपतगंज थाने के कुट्टा गांव निवासी सैनिक का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। सोमवार को मेरठ में ड्यूटी के दौरान सैनिक की हादसे में मौत हो गई थी। साथ आए सैनिकों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। उसके बाद गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।

गांव निवासी मनीष तिवारी (38) मेरठ में सेना में ड्राइवर के पद पर तैनात थे। सोमवार दोपहर वे सेना का वाहन लेकर कहीं जा रहे थे। इस बीच उन्हें वाहन में कोई कमी महसूस हुई तो वे नीचे उतरकर उसे चेक करने लगे तभी अचानक वाहन चल पड़ा और वे उसके नीचे आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

मौत की सूचना घर पहुंची तो कोहराम मच गया। मनीष का पार्थिव शरीर सैनिक वाहन से बुधवार को घर पहुंचा तो उनके अंतिम दर्शन के लिए इलाके के लोग जमा हो गए। गांव में ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके बड़े बेटे अंबेश ने मुखाग्नि दी।

# परिवार के कई सदस्य हैं सेना में
मृत सैनिक मनीष तिवारी के पिता त्रिभुवन तिवारी भी सेना में थे जो कैप्टन के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। तीन भाइयों में बड़े भाई संतोष भी सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। दूसरे भाई पवन तिवारी भी सेना में हैं। मृतक की पत्नी सुमन शिक्षामित्र हैं। मृतक के दो बेटों मे बड़ा अंबेश (11) तथा छोटा अनंत ( 5) हैं।


















