सेवानिवृत्त सीओ ने लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली, मौत
कांठ, मुरादाबाद।
तहलका 24×7
छजलैट थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में सेवानिवृत्त पुलिस क्षेत्राधिकारी (89) लखपत सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली।उनका शव कमरे में बेड पर पड़ा मिला।राइफल उनके सीने पर रखी हुई थी।सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जानकारी के अनुसार रमपुरा गांव निवासी लखपत सिंह वर्ष 1995 में उत्तर प्रदेश पुलिस से सीओ पद से सेवानिवृत्त हुए थे।

वह गांव स्थित अपने दो मंजिला मकान के ऊपरी मंजिल पर अकेले रहते थे।रात में भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए थे।परिजनों के अनुसार वह प्रतिदिन सुबह चार बजे उठ जाते थे,लेकिन सुबह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आए।इस पर परिवार के लोग ऊपर पहुंचे तो देखा कि वह बेड पर खून से लथपथ पड़े थे।उनकी लाइसेंसी राइफल सीने पर रखी थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने ठोड़ी से राइफल की नाल सटाकर गोली चलाई थी।

घटना की सूचना मिलते ही छजलैट थानाध्यक्ष रमेश सहरावत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाई।एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे ने आत्महत्या किए जाने की जानकारी दी है।करीब छह माह पहले उनकी पत्नी विद्या देवी का निधन हो गया था,जिसके बाद से वह मानसिक रुप से परेशान चल रहे थे।मृतक के परिवार में तीन बेटियां और दो बेटे हैं।बेटियों की शादी मेरठ और हरिद्वार में हुई है। बड़ा बेटा सतवीर सिंह गांव में परिवार के साथ रहता है, जबकि छोटा बेटा जगवीर सिंह पीडब्ल्यूडी से इंजीनियर पद से सेवानिवृत्त होकर बाहर बाहर रहता है।


















