सेहत के लिए हानिकारक है गुड हेल्थ कैप्सूल व मुनक्का वटी- डॉ कमल
# स्टेरॉइड पहुंचा सकते हैं सेहत को नुकसान, युवाओं को उपयोग न करने की सलाह
# उपयोग करने वालों को लीवर सिरोसिस, मूत्र संबंधी दिक्कतें, किडनी में सूजन आदि बीमारियों की आशंका
जौनपुर।
विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
तहलका 24×7
सेहत बनाने के लिए मेडिकल स्टोरों पर उपलब्ध गुड हेल्थ कैप्सूल और मुनक्का वटी सेहत के लिए हानिकारक हैं। औषधि निर्माण प्रयोगशाला लखनऊ में कुछ दिन पहले हुए परीक्षण के दौरान इन औषधियों में स्टेरॉयड होने की बात सामने आई थी। इसके आधार पर औषधि निर्माण प्रयोगशाला के निदेशक प्रो. एसएन सिंह ने इन दवाओं का प्रयोग करने पर रोक लगाने का आदेश जारी किया था। यह जानकारी क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ कमल रंजन ने दी।

डॉ कमल ने युवाओं को इनका उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि इन कैप्सूलों में स्टेरॉइड की मात्रा पाई गई है जो कि स्वास्थ्य के लिए बहुत ही हानिकारक है। इनका उपयोग करने से किडनी और लीवर खराब हो सकते हैं। लीवर सिरोसिस, मूत्र संबंधी दिक्कतें, किडनी में सूजन आने से पूरे शरीर में सूजन आ जाने सहित कई अन्य बीमारियां हो सकती हैं। उन्होंने इन दवाओं को बेचने वाले मेडिकल स्टोर मालिकों को भी इन्हें न बेचने तथा इनका उपयोग करने वाले युवाओं से भी इनका उपयोग नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इन दवाओं का उपयोग करने से उनकी आयु कम होगी। इन्हें बेचने वालों पर कार्रवाई की जा सकती है।
















