स्कूल-कॉलेजों के 500 मीटर दायरे को बनाया जाएगा नशा मुक्त क्षेत्र
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
प्रदेश में बच्चों और युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है।शिक्षा मंत्रालय की नई कार्य योजना के तहत उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल और कॉलेजों के 500 मीटर दायरे को अब “नशा मुक्त क्षेत्र” घोषित किया जाएगा।इसके तहत स्कूलों के आसपास शराब,तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थों की बिक्री पर सख्ती बढ़ाई जाएगी।

अब तक शिक्षण संस्थानों के 100 मीटर दायरे में प्रतिबंध लागू था,जिसे बढ़ाकर 500 मीटर करने की तैयारी है।इस व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय प्रशासन,पुलिस-प्रशासन,नारकोटिक्स विभाग संयुक्त रुप से कार्रवाई करेंगे।स्कूलों के मुख्य द्वार पर “नशा मुक्त क्षेत्र” से संबंधित विशेष बोर्ड भी लगाए जाएंगे। नई व्यवस्था के तहत इस शैक्षिक सत्र से“नशा मुक्त विद्यालय पोर्टल”भी शुरु किया जाएगा।इस पोर्टल पर सरकारी,सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों को नशा विरोधी नियमों के पालन संबंधी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध करानी होगी।

स्कूलों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और जिला विद्यालय निरीक्षक को अभियान का नोडल अधिकारी बनाया गया है।इसके अलावा विद्यार्थियों में जागरुकता बढ़ाने के लिए पीएम ई-विद्या चैनल और माईगॉव प्लेटफॉर्म पर विशेष अभियान चलाया जाएगा।स्कूलों में भी समय-समय पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।ग्लोबल यूथ टोबैको सर्वे के अनुसार 13 से 15 वर्ष आयु वर्ग के करीब 30 से 35 प्रतिशत छात्र-छात्राएं सिगरेट,तंबाकू,बीयर और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन की चपेट में हैं।इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने यह सख्त कदम उठाने का निर्णय लिया है।

















