स्मार्ट मीटर पर रोक, बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत! 5 SMS अलर्ट के बाद ही कटेगा कनेक्शन
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं को राहत देते हुए स्मार्ट मीटर व्यवस्था को लेकर अहम फैसले किए हैं।ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बताया कि प्रदेश में फिलहाल स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर रोक लगा दी गई है।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गठित तकनीकी समिति की रिपोर्ट आने तक यह कार्य पूरी तरह बंद रहेगा।

जिन क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर पहले से लगे हैं,वहां उपभोक्ताओं को अतिरिक्त राहत दी गई है।मीटर कन्वर्जन के लिए 15 दिन के साथ 30 दिन का अतिरिक्त समय दिया जाएगा।यानी कुल 45 दिनों तक किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। यदि स्मार्ट मीटर का बैलेंस शून्य हो जाता है,तब भी उपभोक्ताओं को 3 दिनों तक या 200 रुपये तक (2 किलोवाट लोड तक) बिजली मिलती रहेगी।इसके अलावा रविवार और सरकारी छुट्टियों में कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

उपभोक्ताओं को समय रहते जानकारी देने के लिए 5 चरणों में SMS अलर्ट भेजे जाएंगे।30% बैलेंस शेष होने पर,10% बैलेंस शेष होने पर,बैलेंस शून्य होने पर, कनेक्शन कटने से एक दिन पहले और कनेक्शन कटने के बाद मैसेज भेजे जाएंगे।साधारण मीटर में बिजली खपत के बाद बिल भुगतान होता है,जबकि स्मार्ट मीटर प्रीपेड सिस्टम पर काम करता है।इसमें उपभोक्ता पहले रिचार्ज कराते हैं और बैलेंस खत्म होने पर बिजली कट सकती है।

स्मार्ट मीटर से उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए रोजाना की खपत भी देख सकते हैं।भीषण गर्मी को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि बिजली आपूर्ति में कोई कटौती न की जाए।खराब ट्रांसफार्मर तत्काल बदले जाएं और ढीले तारों व स्पार्किंग की समस्या को तुरंत ठीक किया जाए।साथ ही जिन उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटे हैं,उनसे संपर्क कर समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं।ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता की संतुष्टि सरकार की प्राथमिकता है और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी।


















