10 लाख रुपए की वसूली करके घर लौट रहे सेल्समैन पर चाकू से हमला,नकदी लूटकर बदमाश फरार
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
राजधानी के खदरा स्थित दीनदयालनगर इलाके में गुरुवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शराब की दुकानों से वसूली करके लगभग 10 लाख रुपये लेकर घर जा रहे एक सेल्समैन पर 5-6 की संख्या में बदमाशों ने चाकू से हमला कर दिया और नकदी लूटकर फरार हो गए।

घायल की पहचान हर्ष के रुप में हुई है, जो शराब की दुकानों से कलेक्शन का काम करता है।बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह कलेक्शन लेकर घर जा रहा था, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।हमले में घायल हर्ष को स्थानीय लोगों की मदद से बलरामपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

















