10 वर्षीय बच्चे को गोली मारने पर मुकदमा दर्ज, आरोपित फरार
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर के मिल्तनगर मोहल्ले में 10 वर्षीय मासूम को गोली मारने की घटना के मामले में पुलिस ने दो नामजद व तीन अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। गोली लगने से गंभीर रुप से घायल बच्चे का इलाज वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद से आरोपित फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

उसरहटा गांव निवासी अबूसाद ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 18 जुलाई को उसका पोता अयान (10) अपने मामा अतीकुर्रहमान के साथ मिल्तनगर निवासी फैजान पुत्र जिलानी के घर गया था। उसी दौरान वहां आदिल पुत्र बब्बन निवासी अरन्द भी मौजूद था।
किसी बात को लेकर अयान और आदिल के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि फैजान और अन्य लोगों के कहने पर आदिल ने अयान को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी, जो सीधे उसके सीने में लगी।

परिजन घायल अयान को उपचार के लिए वाराणसी स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित आदिल, फैजान समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुटी है।
















