15 साल पुराने पुलिस हिरासत मौत मामले में 9 पुलिसकर्मियों को उम्रकैद
वाशिम, महाराष्ट्र।
तहलका 24×7
पुलिस हिरासत में मौत के 15 साल पुराने चर्चित मामले में जिला एवं सत्र न्यायालय ने बड़ा फैसला सुनाते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी समेत 9 पुलिसकर्मियों को दोषी करार दिया है।अदालत ने सभी दोषियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।मामला वर्ष 2011 का है,जब रिसोड पुलिस थाने में चोरी के संदेह में बेग्या पवार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया था।

आरोप था कि पूछताछ के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट के कारण उनकी मौत हो गई थी।घटना के बाद मामला अदालत पहुंचा और वर्षों तक सुनवाई चली।सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जिला एवं सत्र न्यायालय ने तत्कालीन थाना प्रभारी महादेव माणिक धांडे सहित 9 पुलिसकर्मियों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।दोषियों में दो सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

फैसले के बाद सभी दोषियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।उन्हें आगे अमरावती सेंट्रल जेल स्थानांतरित किया जाएगा।हिरासत में मौत के मामलों में यह फैसला न्यायिक जवाबदेही और कानून के शासन को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।


















