जौनपुर : खुटहन में दो मंजिला इमारत में लगी आग, करीब 10 लाख के नुकसान का अंदेशा
खुटहन। मुलायम सोनी तहलका 24×7 थाना क्षेत्र के तिघरा बाजार में मंगलवार तड़के बिजली की शॉर्टसर्किट से दो मंजिला इमारत में बने ब्यूटी पार्लर और जनरल स्टोर की दुकान में भीषण आग लग गई। आग में करीब 10 लाख रुपए का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां लगातार मशक्कत के बाद करीब 10 बजे जाकर आग बुझाने में कामयाब हुई।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार को अलसुबह करीब 5 बजे लोगों ने देखा कि तिघरा के स्व. रिशु अग्रवाल के दो मंजिला मकान में आग लगी हुई है। ग्रामीणों ने पहले आग बुझाने का प्रयास किया लेकिन नाकाम रहे । इस बीच थाना प्रभारी खुटहन अश्वनी कुमार दुबे को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अग्निशमन विभाग को सूचित किया।
सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की छोटी गाड़ी जब आग बुझाने में असफल रही तो फिर से सूचना पर दो बड़ी गाड़ियां पहुंची। एक गाड़ी घटनास्थल से 500 मीटर पहले खराब भी हो गई लेकिन ड्राइवर की सूझबूझ से किसी तरह घटनास्थल पर पहुंचा कर आग बुझाने का काम किया गया। तमाम मशक्कत के बाद करीब 10 बजे जाकर आग बुझाने में कामयाबी मिली।