जौनपुर : बारातियों से भरी जीप कंटेनर से टकराई, 18 नाबालिग बच्चे घायल
# नौपेड़वा के समीप हुई दुर्घटना में एक की मौत, पांच गम्भीर रूप से घायल, रेफर
बक्शा।
दीपक श्रीवास्तव
तहलका 24×7
थाना क्षेत्र के नौपेड़वा बाजार के पश्चिम मड़ैया गांव के समीप शुक्रवार की रात्रि करीब साढ़े बारह बजे बारातियों से भरी जीप सामने से आ रही कंटेनर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि जीप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जीप में कुल 18 लोगों में 16 नाबालिग बच्चे घायल हो गए। सूचना पर पहुँचे थानाध्यक्ष ओमनारायण सिंह ने हमराहियों के साथ सभी घायलों को नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल भिजवाया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल पांच बच्चों को बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल भेज दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक बच्चें की मौत हो गई जबकि एक को बीएचयू रिफर कर दिया गया है।

बक्शा थाना क्षेत्र के खुंशापुर गांव निवासी अमरू निषाद के घर से बारात सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बैजारामपुर गई थी। बाराती खाना पीना खाकर जीप संख्या यूपी 62 डी 6162 पर सवार होकर घर के लिए प्रस्थान किये। जीप चालक नरी गांव निवासी छोटू यादव जीप में 17 नाबालिग बच्चों सहित के साथ कुल 19 लोगों के साथ घर के लिए चलते हुए मई से होते हुए वाराणसी लखनऊ मार्ग पर चढ़ गया। चालक गलत साइड से अभी मात्र तीन सौ मीटर मड़ैया नौपेड़वा पहुँचा ही था तभी सामने से वाराणसी की तरफ जा रही कंटेनर एचआर 55 एक्स 5834 से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर होते ही जीप में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुँचे एसओ ने घायलों को नौपेड़वा अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से घायल 14 वर्षीय बादल निषाद पुत्र बृजलाल, 10 वर्षीय सौरभ निषाद पुत्र हरिकेश, 15 वर्षीय सन्दीप निषाद पुत्र राजनाथ, 9 वर्षीय निलेश निषाद पुत्र श्यामू निषाद, 9 वर्षीय अजय निषाद पुत्र श्रीप्रकाश निषाद को बेहतर उपचार हेतु जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान अजय की मौत हो गई जबकि नीलेश को बीएचयू रिफर कर दिया गया।


















