50 हजार का इनामी गैंगस्टर शाहगंज स्टेशन से गिरफ्तार
# एसटीएफ वाराणसी की कार्रवाई, गोकशी मामले में था वांछित
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
एसटीएफ वाराणसी टीम ने आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र से जुड़े गैंगस्टर एक्ट के वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मो. लड्डन उर्फ सकलैन को गिरफ्तार कर लिया।आरोपी को शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास से इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबोचा गया।

जानकारी के अनुसार 29 मार्च को पवई थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने जनपद में गोकशी की घटनाओं में सक्रिय अभियुक्तों के खिलाफ गैंगचार्ट तैयार कर जिला मजिस्ट्रेट से अनुमोदित कराया था।इसके बाद मो.लड्डन उर्फ सकलैन निवासी अम्बारी नई बस्ती थाना फूलपुर, स्थायी पता ग्राम गोधना थाना पवई तथा आमिर निवासी कसाई टोला थाना सरायमीर के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ को सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त शाहगंज क्षेत्र में मौजूद है।इसके बाद टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से शाहगंज रेलवे स्टेशन के पास घेराबंदी कर मो.लड्डन उर्फ सकलैन (45) को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से एक कीपैड मोबाइल फोन तथा 420 रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

















