500 असहायों को मिला सर्दी से बचाव का सहारा
# देवदूत हेल्पिंग हैंड्स सोसायटी ने बांटे कम्बल, जरूरतमंदों को मिली राहत
खेतासराय, जौनपुर।
डॉ. सुरेश कुमार
तहलका 24×7
कड़ाके की ठंड से जूझ रहे असहाय व जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के लिए देवदूत हेल्पिंग हैंड्स सोसायटी के बैनर तले कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम सेन्ट तुलसी ग्लोबल स्कूल आमगांव में आयोजित हुआ, जिसमें 500 असहाय व्यक्तियों को कम्बल वितरित किए गए।

इस अवसर पर सोसायटी के संस्थापक सदस्य व प्रबन्धक दुर्गेश सिंह ने कहा कि शीत ऋतु में निर्धन, बुजुर्ग, दिव्यांग एवं बेसहारा लोगों के लिए ठंड सबसे बड़ी चुनौती बन जाती है। ऐसे में कम्बल वितरण जैसे कार्यक्रम उनके जीवन में थोड़ी राहत और मानवीय संवेदना का संदेश देते हैं। कम्बल वितरण के दौरान अनुशासन और व्यवस्थित तरीके से जरूरतमंदों को कम्बल प्रदान किए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जरूरमंद लोग पहुंचे।

संस्था के प्रबंधन ने समाजसेवा के इस पुनीत कार्य के लिए अपने परिसर को उपलब्ध कराकर सकारात्मक भूमिका निभाई।सोसायटी की संस्थापक सदस्य नेहा सिंह ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सहायता करना ही नहीं, बल्कि समाज में सेवा, करुणा और सहयोग की भावना को मजबूत करना है। भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार यादव ने संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के कमजोर वर्गों के लिए संबल बनते हैं और युवाओं को सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कम्बल प्राप्त करने वाले लोगों के चेहरों पर संतोष और राहत की झलक स्पष्ट दिखाई दी, जिससे कार्यक्रम की सार्थकता सिद्ध हुई।

इस अवसर पर अभिषेक अस्थाना, मनोज, सन्दीप बिन्द, अंजू बिन्द, अभिषेक, ऋषिकांत, रविकांत पटवा, दीपक, दानिश हुसैन, अभिषेक मिश्रा, उमाशंकर, कमलेश, विकास, रामराज, रामबाबू ठाकुरा आदि मौजूद रहे।
















