जौनपुर : गरीब ठेले वाले के सवाल पर आग-बबूला हुए ईओ, गरीब को कराई थाने की सैर

जौनपुर : गरीब ठेले वाले के सवाल पर आग-बबूला हुए ईओ, गरीब को कराई थाने की सैर

# महज 110 ग्राम पॉलिथीन का भरना पड़ा दो हजार का जुर्माना

# फैक्ट्री बंद करने के बजाय छोटे दुकानदारों पर कार्रवाई से लोगों में आक्रोश

खेतासराय।
अज़ीम सिद्दीकी
तहलका 24×7
                क़स्बे में मुख्य चौराहे के पास एक ठेले वाले का प्लास्टिक विरोधी अभियान को लेकर सवाल दागना नवागत ईओ को इतना नागवार गुजरा कि ठेले वाले को थाने की सैर करनी पड़ गई। यही नहीं, महज 110 ग्राम पन्नी बरामद होने पर 2 हजार का सम्मन शुल्क भी झेलना पड़ा। नगर पंचायत प्रशासन का यह तुगलकी लहजा कस्बे में चर्चा और आक्रोश का कारण बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक नवागत ईओ रवींद्र प्रताप सिंह एक नगर पंचायत कर्मी के साथ शुक्रवार की शाम बाइक से क़स्बे में पॉलिथीन चेकिंग अभियान पर निकले थे। मेन रोड पर नवाब चाय के बगल में घूरे नामक एक युवक ठेले पर टिकिया व घाटी की अस्थाई दुकान चलाकर अपना परिवार पालता है। आरोप है कि उक्त दुकान पर पहुँचकर ईओ ने पॉलीथिन की चेकिंग करना शुरू किया। इसी दौरान दुकानदार ने सवाल दाग दिया कि थोक दुकानदारों और प्लास्टिक बनाने वाली कम्पनियों पर क्यों नहीं छापेमारी की जाती है ? बस फ़िर क्या था.. ईओ भड़क गए। उन्होंने पॉलिथीन रखने के आरोप में दो हज़ार का सम्मन शुल्क काट दिया। महज 110 ग्राम प्लास्टिक बरामद होने पर एक ठेले वाले पर हुई कार्रवाई से लोगों की भीड़ जमा हो गई। बढ़ती भीड़ भी ईओ को नागवार लगी।

उन्होंने तत्काल पुलिस बुलाया और उक्त दुकानदार को पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में पुलिस ने समझा बुझाकर आधे घण्टे बाद दुकानदार को थाने से छोड़ दिया।इस बाबत पूछे पर जाने पर ईओ रवींद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उक्त दुकानदार द्वारा मना करने के बाद भी पॉलिथीन का प्रयोग किया जा रहा था। उसके खिलाफ रुटीन कार्रवाई की गई है वहीं अन्य सवाल पूछने पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
Previous articleलखनऊ में पालतू कुत्तों के आतंक से राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें
Next articleजौनपुर : भाजपा नेता की गाड़ी पेड़ से टकराने के बाद खाई में पलटी, पांच घायल
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?