60 घंटे से अधिक बीतने के बाद भी संदिग्ध हाल में गायब दंपति का नहीं लगा सुराग

60 घंटे से अधिक बीतने के बाद भी संदिग्ध हाल में गायब दंपति का नहीं लगा सुराग

खुटहन, जौनपुर।
मुलायम सोनी 
तहलका 24×7
               बिशुनपुर ग्राम पंचायत के मलूकपुर गांव में गत रविवार की सुबह खेत की सिंचाई करने गए दलित दंपति के रहस्यमय ढंग से गायब होने के 60 घंटे से अधिक बीतने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर तलाश में जुटी हुई है।
घटना की जानकारी होते ही पुलिस द्वारा उनकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की टीम भी बुला ली गई थी। लेकिन नतीजा वही ढांक के तीन पात का ही रहा। दंपति को जमीन निगल गई या आसमान खा गया, इसका जवाब किसी जिम्मेदार के पास नहीं है।बताते चलें कि गांव निवासी राम चरित्तर गौतम (58) अपनी पत्नी किस्मत्ती देवी (56) को साथ लेकर रविवार की सुबह घर से चार सौ मीटर दूर बंटाई पर ली गई जमीन में बोई फसल की सिंचाई करने गए थे।
लगभग एक बिस्वा खेत सींचा भी गया है। वह दोनों शाम तक घर नहीं पहुंचे तो परिजन खोजबीन करते खेत में पहुंचे। जहां उनकी साइकिल, फावड़ा और चप्पल तो पड़ा मिला लेकिन दंपति लापता थे। उसी दिन देर रात घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर दंपति की तलाश शुरु कर दी। घटना को 60 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी दंपति का कोई सुराग नहीं मिल सका।
Previous articleराष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन कार्यशाला आयोजित, महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर
Next articleकम्पनी के एजेंट से असलहे के बल पर बदमाशों ने लूटे 55 हजार रुपये 
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?