CM के PA हत्याकांड में वाराणसी से गिरफ्तारी,गाजीपुर के विनय राय को सीबीआई ने दबोचा
# बंगाल के चर्चित मर्डर केस में यूपी के अपराधियों के नेटवर्क की जांच तेज
वाराणसी/कोलकाता।
तहलका 24×7
पश्चिम बंगाल के चर्चित चंद्रनाथ रथ हत्याकांड में केंद्रीय जांच ब्यूरो को बड़ी सफलता मिली है।मुख्यमंत्री के करीबी सहयोगी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी विनय राय को सीबीआई की विशेष टीम ने वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।आरोपी उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले का निवासी बताया जा रहा है।

सीबीआई सूत्रों के अनुसार,6 मई को उत्तर 24 परगना जिले के मध्यमग्राम इलाके में दिनदहाड़े हुई हत्या की जांच के दौरान यूपी के अपराधियों के नेटवर्क का सुराग मिला था।इसके बाद सीबीआई और पश्चिम बंगाल पुलिस ने गाजीपुर में आरोपी विनय राय और संजय राय के पैतृक घरों पर दबिश दी,लेकिन दोनों आरोपी फरार मिले।मोबाइल लोकेशन और अन्य तकनीकी इनपुट के आधार पर सीबीआई लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी।

इसी क्रम में वाराणसी में पुख्ता सूचना मिलने पर टीम ने घेराबंदी कर विनय राय को गिरफ्तार कर लिया।अब उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जाने की तैयारी की जा रही है।जांच के अनुसार 6 मई की रात चंद्रनाथ रथ अपनी कार से जा रहे थे।इसी दौरान एक संदिग्ध कार ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक,हमलावरों ने उतरते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।गोली लगने से चंद्रनाथ रथ की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि चालक बुद्धदेव गंभीर रुप से घायल हो गया था।

सीबीआई जांच में अब तक उत्तर प्रदेश से जुड़े कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।एजेंसियों का मानना है कि हत्या की साजिश संगठित सुपारी किलिंग नेटवर्क के जरिए रची गई थी।इससे पहले बलिया निवासी राज सिंह को अयोध्या से और मुख्य शूटर बताए जा रहे राजकुमार सिंह को मुजफ्फर नगर टोल प्लाजा के पास गिरफ्तार किया जा चुका है।इस बीच मुख्य शूटर राजकुमार सिंह की भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के साथ पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

हालांकि जांच एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि फोटो का केस से प्रत्यक्ष संबंध नहीं मिला है।सीबीआई अब गिरफ्तार आरोपियों से आमने-सामने पूछताछ कर हत्या की सुपारी देने वाले,हथियार उपलब्ध कराने वाले नेटवर्क और पूरे ऑपरेशन के मास्टरमाइंड तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।वहीं फरार आरोपी संजय राय की तलाश में यूपी और बंगाल में लगातार दबिश दी जा रही है।इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड में यूपी के अपराधियों के नाम सामने आने के बाद पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक व सुरक्षा एजेंसियों में हलचल तेज हो गई है।


















