IAS की तैयारी कर रहे युवक ने विद्यालय में फांसी लगाकर दी जान,सुसाइड नोट में लगाए गंभीर आरोप
गोरखपुर।
तहलका 24×7
चौरी-चौरा थाना क्षेत्र में आईएएस की तैयारी कर रहे युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है।घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मौके से पुलिस को दो पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद हुआ,जिसमें युवक ने अपनी प्रेमिका और उसके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।जानकारी के अनुसार इब्राहीमपुर निवासी दिनेश सिंह का पुत्र धीरज सिंह दिल्ली में रहकर सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा था।

वह बाजीराव कोचिंग सेंटर में रहकर पढ़ाई कर रहा था, करीब पांच-छह महीने पहले वापस गांव लौट आया था। इसके बाद वह अपने पिता के साथ यदुवंश सिंह पार्वती देवी इंटर कॉलेज के कार्यों में सहयोग कर रहा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान गांव की एक युवती से उसका प्रेम हो गया।दोनों परिवारों को भी इस संबंध की जानकारी थी।रविवार को करीब 10 बजे धीरज का शव कॉलेज परिसर के एक कमरे में पंखे से लटका मिला।

सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके की जांच शुरु की।पुलिस को मौके से मिले दो पन्नों के सुसाइड नोट में युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी प्रेमिका और उसके परिवार ने शादी का भरोसा देकर उसका शोषण किया,बाद में शादी से इनकार कर दिया।नोट में यह भी लिखा गया है कि युवती के परिजन और रिश्तेदार उसे लगातार धमकी दे रहे थे तथा मानसिक रुप से प्रताड़ित कर रहे थे।

मृतक ने सुसाइड नोट में अपने परिवार की सुरक्षा का भी जिक्र करते हुए लिखा कि वह यह कदम इसलिए उठा रहा है ताकि उसके परिवार को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है,जिसके आधार पर जांच की जा रही है।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सभी तथ्यों और साक्ष्यों की गहनता से जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















