अमूल डेयरी में फर्जी नियुक्ति पत्र से ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा, एक गिरफ्तार
पिंडरा, वाराणसी।
नितेश गुप्ता
तहलका 24×7
फूलपुर पुलिस ने करखियाव स्थित अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया, अन्य आरोपित फरार हैं।प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि जंसा थाना क्षेत्र के खिल्लीपुर गांव निवासी राहुल कुमार वर्मा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन व अन्य को नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर पांच लाख 90 हजार रुपये ले लिए और 17 फर्जी नियुक्ति पत्र दे दिया था।

जब बहन अमूल डेयरी पहुंची और मामला फर्जी निकला। पुलिस ने सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए उनके घर एवं संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। जिसमें अखिलेश कुमार पुत्र संतोष कुमार निवासी ग्राम छेड़ापुर थाना फूलपुर को मुखबिर की सूचना पर उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

अभियुक्त अखिलेश कुमार ने पूछताछ में बताया गया कि वह अपने मित्र अभिषेक निवासी बरजी, चंदन पटेल निवासी साधोगंज, शिव कुमार पटेल निवासी ग्राम अदमा, थाना मिर्जामुराद के साथ मिलकर लोगों को अमूल डेयरी में नौकरी दिलाने का झांसा देकर फर्जी जॉइनिंग लेटर तैयार करता था। वह जॉइनिंग लेटर पर अमूल डेरी की फर्जी मोहर लगाता और प्रत्येक उम्मीदवार से मोटी रकम वसूल करता था। प्राप्त धनराशि को वह अपने साथियों में बराबर का हिस्सा बांट लेता था। आरोपी ने बताया गया कि कुछ रकम कैश और कुछ ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त की गई थी।
















