अस्पताल में घुसकर महिला मरीज की गोली मारकर हत्या,आरोपी मौके पर दबोचा गया
चंदौली।
तहलका 24×7
जिले के चकिया स्थित जीवक हॉस्पिटल में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई,जब वार्ड में भर्ती एक महिला मरीज की गोली मारकर हत्या कर दी गई।अस्पताल के भीतर हुई इस वारदात से मरीजों और तीमारदारों में अफरा-तफरी मच गई।मौके पर मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।मृतका की पहचान बिहार के सासाराम निवासी लक्ष्मीना देवी (55) के रुप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह बीते 5 अप्रैल से जीवक हॉस्पिटल में भर्ती थीं और उनका इलाज चल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार सुबह एक युवक अस्पताल के अंदर दाखिल हुआ।उसके हाथ में पिस्टल थी।वह सीधे उस वार्ड में पहुंचा,जहां लक्ष्मीना देवी भर्ती थीं।वार्ड में पहुंचते ही उसने महिला पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।गोली लगते ही महिला बेड पर गिर पड़ीं और वार्ड में चीख-पुकार मच गई।
घटना के बाद हमलावर भागने की कोशिश करने लगा,लेकिन अस्पताल कर्मियों,तीमारदारों और स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया।सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। डॉक्टरों ने महिला को बचाने का प्रयास किया,लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।
प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा माना जा रहा है,पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।घटना के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं,कि आखिर हमलावर हथियार लेकर वार्ड तक कैसे पहुंच गया।फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर हत्या के पीछे की वजह तलाशने में जुटी है।

















