आजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, चोरी की दो बाइक, दो असलहा बरामद
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 जिले के केवटहिया गांव के पास शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने मुठभेड़ में दो बाइक पर सवार चार बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस ने उनके पास से असलहा भी बरामद किया है। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर सुसंगत धाराओं के मुकदमा पंजीकृत कर चालान न्यायालय भेज दिया गया।
शुक्रवार सुबह थानाध्यक्ष रौनापार कौशल कुमार पाठक केवटहिया गांव के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी दो बाइक सवार चार बदमाशों के उसी तरफ आने की सूचना मुखबिर से मिली। इस सूचना पर पुलिस टीम सतर्क हो गई। थोड़ी देर बाद दो बाइक पर चार बदमाश आते दिखाई दिए। पुलिस ने जब उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक सवारों ने पुलिस पर फायर किया और भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ में पकड़े गए बदमाशों में नीतीश सिंह पुत्र श्याम नारायण सिंह निवासी देवखरी थाना कंधरापुर, शुभम उपाध्याय पुत्र त्रिभुवन उपाध्याय निवासी जोधी का पूरा बिलरिया की चुंगी थाना कोतवाली आजमगढ़, शिवम पांडेय पुत्र विंध्याचल पांडेय निवासी रसूलपुर नंदलाल थाना रौनापार, अनूप सिंह पुत्र राणा प्रताप सिंह निवासी पड़री परानपुर थाना बिलरियागंज का निवासी बताया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके पास दो 315 बोर का कट्टा, दो कारतूस, दो खोखा और चोरी की दो बाइकों को बरामद किया। सभी का संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया।