पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ 15 चौड़ा गड्ढा, भारी वाहनों पर रोक

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर हुआ 15 चौड़ा गड्ढा, भारी वाहनों पर रोक

# पहली बारिश नहीं झेल सकी 22 हजार करोड़ से बनी सिक्सलेन

सुल्तानपुर।
ज़ेया अनवर
तहलका 24×7
                     22 हजार करोड़ की लागत से बना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पहली बारिश नहीं झेल पाया। बृहस्पतिवार की रात हलियापुर के पास एक्सप्रेस-वे धंस गया। गड्ढे में फंसकर कार सवार चार लोग घायल हो गए जबकि कई वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। यूपीडा ने रात में ही बड़े वाहनों को रोककर मरम्मत कार्य शुरू कराया। शुक्रवार की सुबह नौ बजे तक गड्ढे को पाट दिया गया।
दो दिन की बारिश ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की गुणवत्ता की पोल खोल दी है। बृहस्पतिवार की रात करीब साढ़े नौ बजे हलियापुर के पास 83 किमी. प्वॉइंट पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अचानक धंस गया। एक्सप्रेस-वे पर 15 फीट चौड़ा और पांच फीट गहरा गड्ढा हो गया। इस बीच लखनऊ की ओर से आ रही एक कार गड्ढे की चपेट में आ गई, जिससे उस पर सवार चार लोग घायल हो गए। देखते ही देखते पांच-छह वाहन एक दूसरे से टकरा गए और वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलते ही यूपीडा के अधिकारी-कर्मचारी जेसीबी के साथ मौके पर पहुंच गए। कर्मचारियों ने गड्ढे में घुसी कार को निकालकर घायल धर्मेद्र कुमार निवासी सबलपुर पटना, नौशाद अनवर निवासी पुरवी थाना पुछवा मुजफ्फरपुर, मुकेश कुमार और रंजीत कुमार निवासी सलूलपुर पटना को अयोध्या के कुमारगंज स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को घर भेज दिया गया। उधर, यूपीडी ने बड़े वाहनों को रोककर और छोटे वाहनों को बगल से निकालकर गड्ढे को पाटने का काम शुरू किया। सुबह करीब नौ बजे तक चले कार्य के बाद गड्ढे को पाट दिया गया है। अभी वहां डामरीकरण होना है।

# सिक्योरिटी ऑफिसर से की बात- डीएम

डीएम रवीश गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलते ही यूपीडा के सिक्योरिटी ऑफिसर से बात की थी। चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर की टीम ने तत्काल पहुंचकर ट्रैफिक डायवर्जन कराया। मरम्मत कार्य रात में ही शुरू कर दिया गया था। शुक्रवार की सुबह तक मरम्मत कार्य लगभग पूरा हो गया। जो लोग मामूली रूप से घायल हुए थे, उन्हें कुमारगंज अस्पताल में भर्ती करा गया। जिन वाहनों को मामूली मरम्मत की जरूरत थी, उन्हें भी दुरुस्त करा दिया गया था। व्यवस्था में अभी भी यूपीडा की टीम लगी है।

# लोकार्पण से पहले भी धंसी थी सड़क

करीब 11 माह पूर्व बनकर तैयार हुआ एक्सप्रेस-वे लोकार्पण से पहले भी एक बार धंस चुका है। पिछले साल मई महीने में हुई बरसात के दौरान कुवांसी-हलियापुर के बीच एक्सप्रेस-वे के अंडरपास की बीम दरक गई थी। अंडरपास की रेलिंग व फुटपाथ की मिट्टी बह गई थी। सड़क में दरार आ गई थी। किमी. 80 पर जरईकलां गांव के पास एक्सप्रेस-वे की साइड लेन भी धंस गई थी।

# प्रधानमंत्री ने किया था लोकार्पण

22 हजार करोड़ रुपये की लागत से बने 340 किमी. लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण 16 नवंबर 2021 को प्रधाननमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिले के अरवलकीरी करवत में किया था। इस मौके पर जनसभा के साथ ही वायुसेना के विमानों का मेगा शो हुआ था।

# एक्सप्रेस-वे पर एयर स्ट्रिप भी बनी

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सुल्तानपुर के अरवलकीरी करवत में 3.2 किमी. एयर स्ट्रिप भी बनाई गई है। जिस पर आपात स्थितियों में वायुसेना के विमान लैंड कर सकेंगे। लखनऊ से गाजीपुर तक करीब 340 किमी. के एक्सप्रेस-वे बीच छह टोल प्लाजा, 18 फ्लाईओवर, सात रेलवे ओवरब्रिज, सात बड़े पुल, 118 छोटे पुल, 13 इंटरचेंज, पांच रैंप प्लाजा, 271 अंडरपास तथा 503 पुलियों का निर्माण हुआ है।

# सोशल मीडिया पर हुई खासा चर्चा

पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के धंसने को लेकर लोगों ने सरकार को खूब ट्रोल किया। ट्रोल करने वालों में राजनीतिक दलों के साथ ही आम लोग भी शामिल रहे। सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 5 फीट गहरा 15 फिट लंबा गड्ढा, कांग्रेस बोली- सरकार के भ्रष्टाचार का इससे बड़ा साक्ष्य क्या होगा? कांग्रेस ने ट्वीट में यह भी लिखा है, हाल-फिलहाल ही बना पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे अभी दो बरसात भी नहीं देख पाया कि टूटकर धंस गया। हलियापुर थाना क्षेत्र के पास इस पर लगभग 5 फुट गहरा गड्ढा हो गया है, जिस कारण कई वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिल रही है।

# गड्ढे में फंसे एनएसयूआई के नेता

एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव (पूर्वी उप्र) अजय पांडेय बागी व प्रदेश सचिव (पूर्वी उप्र) दुर्गेश प्रताप सिंह ने बताया कि उनकी जीप भी गड्ढे में फंस गई थी। हालांकि वे बाल-बाल बच गए। उन्होंने कहा कि सरकारी मशीनरी के भ्रष्टाचार का पुख्ता प्रमाण है।

# एयर स्ट्रिप की सीढ़ी के बगल धंसी सड़क

अरवलकीरी करवत में एयर स्ट्रिप के स्लोप की सड़क भी धंस गई। यह सड़क अस्थाई रूप से सर्विस लेन से एयर स्ट्रिप पर जाने के लिए बनाई गई थी। इन्हीं सीढ़ियों के सहारे प्रधानमंत्री एयर स्ट्रिप पर पहुंचे थे। खामियों को छुपाने के लिए तत्काल सीढ़ियों के बगल जेसीबी लगाकर सड़क को बराबर कर दिया गया है। इस संबंध में यूपीडा के जेई आरपी सिंह ने बताया कि तेज बारिश की वजह से थोड़ा नुकसान हुआ है। उसे दुरुस्त किया जा रहा है। लगातार पैट्रोलिंग की जा रही है।
Previous articleआजमगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, चोरी की दो बाइक, दो असलहा बरामद
Next articleजौनपुर : रोडवेज बस की चपेट में आने से अधिवक्ता की मौत
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?