आजमगढ़ : रेलवे ई-टिकट की कालाबाजारी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे
आजमगढ़। फैज़ान अहमद तहलका 24×7 जिले में रेलवे टिकट की कालाबाजारी पर लगाम नहीं लग रही है। लगातार हो रही कार्रवाई के बाद भी टिकट की कालाबाजारी करने वाले पकड़े जा रहे हैं। मंगलवार को भी आरपीएफ व सीआईबी की टीम ने अहरौला थाना के भेदौरा बाजार से एक ई-टिकट की कालाबाजारी करने वाले को गिरफ्तार किया। उसके पास से लैपटॉप, प्रिंटर व कंप्यूटर माउस बरामद किया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र मीना ने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र के वीरेंद्रगंज भेदौरा (गोपालगंज) में संचालित एक जनसेवा केंद्र से रेलवे ई-टिकट की कालाबाजारी होने की मुखबिर से सूचना मिली थी। जिस पर आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम ने मंगलवार को उक्त जनसेवा केंद्र पर छापेमारी किया। मौके पर टीम ने केंद्र संचालक अभिषेक कुमार पुत्र रमाशंकर राम निवासी मोलनापुर थाना अहरौला को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में उसने बताया कि अभिषेक आईआरसीटीसी की विभिन्न फर्जी व्यक्तिगत आईडी से सॉफ्टवेयर की मदद से आरक्षित रेल ई-टिकट बना कर जरूरतमंदों को निर्धारित रेट से 400 से 500 रुपये अतिरिक्त लेकर बेचता था। जांच में कुल 129 व्यक्तिगत आईडी मिली, जिसमें 23 सक्रिय थीं। जबकि केंद्र संचालक की आईआरसीटीसी एजेंट आई डब्लूएनईएआरबीवाई 05653 है। मौके से टीम ने एक लैपटॉप, एक प्रिंटर, एक माउस के साथ ही दो अदद लाइव रेल टिकट कीमत 2145.75 रुपये व 16 अदद पुराना रेल ई टिकट कीमत 18162.40 रुपये भी बरामद किया।