आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की मांग तेज,परिजनों ने किया कलेक्ट्रेट कूच
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
चर्चित आजाद बिंद हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर मृतक के परिजनों और समर्थकों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया।घटना के लगभग डेढ़ माह बाद भी आरोपितों की गिरफ्तारी और मामले में अपेक्षित कार्रवाई न होने से नाराज परिजन सड़क पर उतर आए।सद्भावना पुल से शुरु हुए विरोध मार्च में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

मृतक की बहन सौम्या बिंद ने प्रदर्शन का नेतृत्व करते हुए प्रशासन पर मामले में शिथिलता बरतने का आरोप लगाया।उन्होंने कहा कि परिवार लगातार न्याय की मांग कर रहा है,लेकिन अब तक कोई संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई है।प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।कलेक्ट्रेट पहुंचने पर परिजनों ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर मामले में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

सौम्या बिंद ने कहा कि जब तक उनके भाई को न्याय नहीं मिलेगा,तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रुप दिया जाएगा।इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।अधिकारियों ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।


















