ई-रिक्शा में महिला के पर्स से लाखों के जेवरात पार,महिला चोर गिरोह पर मुकदमा
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
शहर कोतवाली क्षेत्र में ई-रिक्शा से सफर कर रही एक महिला के पर्स से लाखों रुपये के सोने के जेवरात चोरी होने का मामला सामने आया है।पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सुरैला गांव निवासी भावना तिवारी पत्नी चंद्र प्रकाश तिवारी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह 22 जून की दोपहर अपनी बहन की शादी में शामिल होने के लिए सिपाहा चौराहे से ई-रिक्शा द्वारा बदलापुर पड़ाव जा रही थीं।

इसी दौरान पांच महिलाएं अपने दो बच्चों के साथ उसी ई-रिक्शा में सवार हो गईं।इनमें दो महिलाएं नकाब पहने थीं, जो सफर के दौरान संदिग्ध गतिविधियां करती रहीं।पीड़िता का आरोप है कि महिलाओं की हरकतों से उनका ध्यान भटक गया।इसी दौरान किसी ने उनके पर्स में रखी सोने की चेन,अंगूठी और कान की बाली चोरी कर ली।बदलापुर पड़ाव पहुंचने पर जब उन्होंने अपना पर्स देखा तो उसका मुंह खुला था और उसमें रखे सभी जेवरात गायब थे।

घटना के बाद भावना तिवारी ने तत्काल शहर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात महिला चोरों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही ई-रिक्शा चालक से भी पूछताछ कर रही है।अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कर जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


















