जिला कारागार का औचक निरीक्षण,सुरक्षा व्यवस्था और बंदियों की सुविधाएं परखी गईं
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिला जज,जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने शनिवार को जिला कारागार का संयुक्त औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था,स्वच्छता और बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।अधिकारियों ने कारागार प्रशासन को सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ करने के साथ ही बंदियों को निर्धारित मानकों के अनुरुप सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरकों,रसोईघर, चिकित्सालय,भोजन की गुणवत्ता,साफ-सफाई तथा चिकित्सा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया।इस दौरान जेल में मौजूद सुरक्षा इंतजामों की भी समीक्षा की गई और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताओं की जानकारी ली।संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बंदियों की शिकायतों का विधिसम्मत एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण में अधिकारियों ने कारागार प्रशासन से कहा कि जेल परिसर में स्वच्छता,स्वास्थ्य सेवाओं,सुरक्षा व्यवस्था तथा बंदियों के मानवाधिकारों से संबंधित सभी प्रावधानों का पूरी गंभीरता से पालन किया जाए,ताकि कारागार में सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण बना रहे।

















