ईओ और चेयरमैन की रार का सीआरओ ने कराया पटाक्षेप
# सीआरओ ने ईओ को लगाई फटकार, 15 दिन में खुद करेंगे बोर्ड के साथ समीक्षा
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
नगर पालिका परिषद में चेयरमैन रचना सिंह और अधिशासी अधिकारी अंजनी मिश्रा के बीच कई दिनों से चल रही रार को मुख्य राजस्व अधिकारी ने अपने कार्यालय में दिनों पक्षों संग बैठक कर मामले का समझौता कराते हुए,15 दिन के भीतर ईओ को अपनी कार्यशैली में परिवर्तन लाने की हिदायत दी।उन्होंने बोर्ड के साथ निर्धारित समय में बैठक कर समीक्षा करने का आश्वासन दिया।

पालिका परिषद में नामांतरण की फाइलों में देरी और धन उगाही और जन्म मृत्यु प्रमाण पत्रों के निर्गत करने में लेटलतीफी के साथ नगर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही का आरोप लगा।चेयरमैन और सभासदों का आरोप है कि आम जनता को अपने काम के लिए काफी समय तक पालिका का चक्कर लगाने को मजबूर किया जा रहा है।इसी मामले को लेकर पिछले एक महीने से अधिशाषी अधिकारी अंजनी मिश्रा और चेयरमैन रचना सिंह के बीच मतभेद के दौरान दो दिन पूर्व अधिशाषी अधिकारी की गलत बयानबाजी से नाराज चेयरमैन ने अपने पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।

बुधवार देर रात त्यागपत्र देने की खबर पर भारी संख्या में समर्थक और सभासद चेयरमैन के आवास पर पहुंच गए।मामला गंभीर होता देख इसकी जानकारी पार्टी के लोगों के अलावा जनप्रतिनिधि व उच्च अधिकारियों को दी गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य राजस्व अधिकारी ने दोनों पक्षों के साथ जिला मुख्यालय स्थित अपने कार्याल पर बैठक की।तीन घंटे से अधिक चली बैठक में सीआरओ अधिशाषी को कार्यों में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए आपसी सामंजस्य बैठाकर जनहित के कार्यों को सही ढंग से करने का निर्देश दिया।

सीआरओ ने 15 दिन के भीतर कार्यों में सुधार लाने और अगली बोर्ड की बैठक में स्वयं उपस्थित होकर समीक्षा की बात कही।मामले में मीडिया से वार्ता के दौरान चेयरमैन प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह बंटी ने कहा कि अधिकारी हो या या कोई जनप्रतिनिधि सभी जनता की सेवा और शासन के निर्देश पर जनहित कार्यों के लिए हैं।किसी की तानाशाही अथवा आम जनता के कार्यों में लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।नगर पालिका प्रशासन को भ्रष्टाचार मुक्त करना ही संकल्प है।


















