एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी,घर और दुकान से मिले शव
प्रयागराज।
तहलका 24×7
शहर के साउथ मलाका क्षेत्र स्थित हीवेट रोड चौराहे के पास एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।मृतकों में पति-पत्नी, बेटा और बेटी शामिल हैं।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।बताते हैं कि घर से दुर्गंध आने पर पड़ोसियों को अनहोनी की आशंका हुई।

उन्होंने घर का दरवाजा खटखटाया और आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया।पुलिस को घर के एक कमरे में वीरेंद्र कुमार वैश्य (70),उनकी पत्नी अनीता (65) और बेटी मीनाक्षी (40) के शव मिले। तीनों के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए।कमरे में खून के धब्बे भी मिले,जो सूख चुके थे।वहीं परिवार के बेटे अभिषेक (38) का शव घर के भूतल पर स्थित दुकान में मिला।

दुकान भी बाहर से बंद थी और उस पर ताला लगा हुआ था।पुलिस के अनुसार,जिस कमरे में दंपती और उनकी बेटी के शव मिले,वहां एक बोर्ड पर“बंटी,बबली और बहू ने मारा”लिखा हुआ मिला है।हालांकि पुलिस इस लिखावट और घटना के संबंध की जांच कर रही है।इसे जांच का महत्वपूर्ण बिंदु माना जा रहा है।घटना की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या से क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा करने के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है।

















