एलआईसी शाहगंज शाखा का उत्कृष्ट प्रदर्शन,24 घंटे में दावा निपटान कर पेश की मिसाल
शाहगंज,जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
भारतीय जीवन बीमा निगम की शाहगंज शाखा ने दावा निपटान के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य करते हुए एक नई मिसाल कायम की है।शाखा के दावा विभाग ने मात्र 24 घंटे के भीतर मृत्यु दावा का भुगतान कर ग्राहकों के बीच विश्वास को और मजबूत किया है।
जानकारी के अनुसार खेतासराय निवासी व्यवसायी स्वर्गीय श्रीमती सुरता देवी पत्नी अवध नारायण का दो माह पूर्व हृदयगति रुकने से निधन हो गया था।

उनके जीवन पर 13 वर्ष पूर्व लिया गया एक लाख रुपये का बीमा अभी परिपक्व होने में दो वर्ष शेष था।मृत्यु के बाद वरिष्ठ बीमा सलाहकार संजय सिंह ने तत्परता दिखाते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज पूरे कर 21 अप्रैल को दावा विभाग को सौंपा।दावा विभाग के प्रमुख इरशाद आलम ने प्रपत्रों की शीघ्र जांच कर त्वरित निर्णय लेते हुए महज 24 घंटे के भीतर वारिस के खाते में बोनस सहित पूरी बीमा राशि ट्रांसफर कर दी।

सामान्यतः मृत्यु दावा निपटान में 15 से 30 दिन का समय लगता है,ऐसे में यह कार्य एक उदाहरण बन गया है।शाखा प्रबंधक अरविंद राय ने बताया कि ग्राहकों को त्वरित सेवा और पूर्ण संतुष्टि देना ही शाखा का मुख्य उद्देश्य है,जिसे सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बीते वित्तीय वर्ष में शाखा ने मंडल द्वारा निर्धारित सभी लक्ष्यों को समय से पहले पूरा करते हुए मंडल में प्रथम स्थान हासिल किया,जबकि जोन स्तर पर तीसरा स्थान प्राप्त किया।शाखा प्रबंधक ने इस सफलता का श्रेय फील्ड फोर्स,अभिकर्ताओं और विकास अधिकारियों की मेहनत और समर्पण को दिया।साथ ही उत्कृष्ट कार्य के लिए दावा विभाग के प्रमुख इरशाद आलम और उनके सहयोगी सरजू राम को बधाई दी।

















