कमाऊ बेटे की मौत से टूटा परिवार, गांव में पसरा मातम
खुटहन,जौनपुर।
मुलायम सोनी
तहलका 24×7
बीरी समसुद्दीनपुर गांव निवासी मर्चेंट नेवी में कर्मचारी रहे प्रवीण कुमार उपाध्याय उर्फ प्रिंस की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद परिवार समेत गांव में शोक की लहर दौड़ गई।शुक्रवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा,परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो उठा।अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।हर किसी की जुबान पर यही चर्चा रही कि परिवार का सहारा छिन गया।

बताया जाता है कि 33 वर्षीय प्रवीण अपने मित्र अवनीश पाण्डेय के साथ कार से लखनऊ जा रहे थे।फैजाबाद जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर उनकी कार सड़क किनारे खड़े टैंकर में पीछे से जा भिड़ी।हादसे में दोनों गंभीर रुप से घायल हो गए।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया,जहां से उन्हें लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।उपचार के दौरान प्रवीण ने दम तोड़ दिया,जबकि साथी की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है।

प्रवीण परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे।उनकी मौत के बाद पिता कमला प्रसाद उपाध्याय,माता सरिता देवी,पत्नी आकांक्षा उपाध्याय और दो मासूम पुत्र नैतिक व कार्तिक का रो-रोकर बुरा हाल है।वृद्ध दादा सूर्य नारायण उपाध्याय बार-बार बेसुध हो जा रहे हैं।युवक की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।ग्रामीणों ने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।

















