करंट से बीटेक के छात्र की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
करंट की चपेट में आकर छात्र दर्दनाक मौत हो गई। हृदयविदारक घटना ने न केवल परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया, बल्कि मोहल्ले में मातम का माहौल बना दिया।लाइन बाजार थाना क्षेत्र के हुसैनाबाद निवासी स्व. राजकुमार यादव का इकलौता बेटा सुधांशु यादव (22) कानपुर स्थित अपोलो इंजीनियरिंग कॉलेज में कंप्यूटर साइंस का अंतिम वर्ष का छात्र था।

मंगलवार की सुबह करीब सात बजे वह अपने घर के बाहर लगे टुल्लू पम्प चलाने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक करंट की चपेट में आ गया। परिवार के लोग शोर सुनकर दौड़े, गम्भीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर सुनकर मां बेसुध होकर गिर पड़ीं। रिश्तेदारों और पड़ोसियों की आंखें नम हो गईं।

सुधांशु एक मेधावी छात्र था और उसका सपना था कि पढ़ाई पूरी करके एक अच्छा इंजीनियर बन परिवार का सहारा बने। पिता के निधन के बाद वही घर की उम्मीद था। सुधांशु की असमय मौत ने परिवार की सारी खुशियों को पलभर में छीन लिया। लोगों का कहना है कि वह बेहद मिलनसार, समझदार और जिम्मेदार युवक था। उसकी असमय मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। अंतिम दर्शन के लिए लोगों का तांता लगा रहा।

















