कलयुगी बेटे ने मां की करदी शील-बट्टे से कूचकर हत्या, बचाने आई भाभी-भतीजी भी घायल
जौनपुर।
गुलाम साबिर
तहलका 24×7
जिले के केराकत नगर स्थित शेखजादा मोहल्ले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की शील-बट्टे से कूंचकर हत्या कर दी।बीच-बचाव करने पहुंची भाभी और भतीजी पर भी आरोपी ने लोहे की रॉड से हमला कर घायल कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी अजीत रजक,प्रभारी निरीक्षक अरविंद पांडेय टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी।हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।बताया जा रहा है कि मृतका शीला सिंह (80) सेवानिवृत्त शिक्षिका थीं।वह अपने पुत्र सत्यव्रत सिंह,बहू शालिनी,पोती वर्तिका और छोटे बेटे संदीप सिंह उर्फ भोलू के साथ रहती थीं।घटना के समय सत्यव्रत सिंह अपनी दुकान पर थे।

दोपहर में किसी बात को लेकर घर के ऊपरी कमरे में मौजूद संदीप अचानक नीचे आया और मां पर शील-बट्टे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।मां की चीख-पुकार सुनकर बचाने आई भाभी और भतीजी को भी उसने स्टील की रॉड से मारकर घायल कर दिया।शोर-शराबा सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को काबू कर कमरे में बंद कर दिया।

घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया,जहां गंभीर हालत में शीला सिंह को ट्रामा सेंटर रेफर किया गया,लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।मृतका की मौत की खबर से मोहल्ले में मातम पसर गया।स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी लंबे समय से मानसिक बीमारी से ग्रसित था।फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

















