केजीएमयू में दवा खरीद अनियमितता पर कार्रवाई, विभागाध्यक्ष हटाए गए
लखनऊ।
विजय आनंद वर्मा
तहलका 24×7
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) में दवा खरीद में कथित अनियमितताओं के मामले में विश्वविद्यालय प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद यूरोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.अपुल गोयल को पद से हटा दिया गया है।तीन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है,जबकि एक नियमित फार्मासिस्ट को निलंबित किया गया है।

जानकारी के अनुसार,असाध्य योजना के तहत मरीजों के उपचार के लिए दवाओं की खरीद में गड़बड़ियों की शिकायत मिलने पर विश्वविद्यालय प्रशासन ने जांच कराई थी।जांच में कई मरीजों को अभिलेखों में बार-बार भर्ती दर्शाकर कैंसर,प्रोटीन और आयरन समेत अन्य महंगी दवाओं की खरीद किए जाने के मामले सामने आए हैं।विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसी से कथित अनियमितता से जुड़ी राशि की वसूली की जाएगी।

साथ ही मामले में संलिप्त पाए गए तीन आउटसोर्सिंग कर्मचारियों एक फार्मासिस्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई है।मामले के सामने आने के बाद चिकित्सा विश्वविद्यालय में हलचल तेज हो गई है।प्रशासन का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मरीजों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।

















