कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर के गनर पर दुष्कर्म का आरोप,गिरफ्तार
वाराणसी।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर के गनर प्रशांत राय को दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।मामला वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र का है।पीड़िता के आरोप के मुताबिक सिपाही प्रशांत राय ने शादी का झांसा देकर करीब चार वर्षों तक उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

इस दौरान वह दो बार गर्भवती हुई,लेकिन आरोपी ने दबाव बनाकर उसका गर्भपात करा दिया।युवती ने आरोपी पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।बताया गया कि आरोपी वाराणसी में किराए के मकान में युवती के साथ रह रहा था।इसी बीच 25 अप्रैल को उसने प्रयागराज में किसी अन्य महिला से गुपचुप शादी कर ली।सोशल मीडिया पर शादी की तस्वीरें देखने के बाद पीड़िता को इसकी जानकारी हुई,जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता सारनाथ थाना पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई।शिकायत मिलते ही आरोपी प्रशांत राय अपने बड़े भाई के साथ थाने पहुंचा, जहां एसीपी के नेतृत्व में हुई पूछताछ में वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।पुलिस ने पीड़िता के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म,जबरन गर्भपात और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।आरोपी मूल रुप से मिर्जापुर का निवासी बताया जा रहा है और वर्तमान में मंत्री की सुरक्षा में तैनात था।

















