कैशलेस चिकित्सा योजना के पोर्टल में संशोधन की मांग
# सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षक आवेदन से वंचित,सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री को भेजा ज्ञापन
जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के ऑनलाइन पोर्टल में तकनीकी संशोधन की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश सीनियर बेसिक शिक्षक संघ ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर को सौंपा।संघ का कहना है कि पोर्टल पर अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों का विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण इन विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी योजना के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं।

संघ ने बताया कि शासन द्वारा फरवरी माह में योजना लागू किए जाने के बाद ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरु हुई,लेकिन आवेदन के दौरान सहायता प्राप्त विद्यालयों की सूची प्रदर्शित नहीं हो रही है।इससे पात्र शिक्षक एवं कर्मचारी मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना का लाभ लेने से वंचित हैं और सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य भी प्रभावित हो रहा है।

ज्ञापन में मांग की गई है कि मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा योजना के पोर्टल पर प्रदेश के सभी अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों को तत्काल जोड़ा जाए।साथ ही सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए भी आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए,ताकि वे योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।

शिक्षक संघ ने पोर्टल में आवश्यक तकनीकी संशोधन कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी करने की मांग करते हुए कहा कि इससे आवेदन प्रक्रिया में आ रही बाधाएं दूर होंगी और सहायता प्राप्त विद्यालयों के हजारों शिक्षक एवं कर्मचारी भी इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।ज्ञापन सौंपने वालों में डॉ.अतुल कुमार दुबे, वीरेंद्र यादव और अजीत प्रताप सिंह प्रमुख रुप से शामिल रहे।संघ ने आशा व्यक्त की कि शासन शीघ्र ही इस समस्या का समाधान कर पोर्टल में आवश्यक सुधार कराएगा।


















