कोर्ट के आदेश पर दो लेखपालों समेत चार पर केस दर्ज
# बोले लेखपाल : पेशबंदी में रची जा रही है झूठी साजिश
शाहगंज, जौनपुर।
एखलाक खान
तहलका 24×7
आजमगढ़ जिला स्थित राजकीय होम्यो कॉलेज के प्रवक्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर हल्का लेखपाल पर वरासत में नाम चढ़ाने के लिए पांच हजार घूस मांगने का आरोप लगाया। मामला दो साल पुराना है। आरोप है कि विरोध करने पर लेखपालों द्वारा ऑफिस में बंद कर जान से मारने का प्रयास किया गया। इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी से की गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। न्यायालय के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने दो नामजद समेत दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच में जुटी।

सरपतहां क्षेत्र के भिवरहा गांव निवासी प्रवक्ता अजय कुमार सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके पिता की मौत 15 जनवरी 2021 में हुई थी। अपनी मां समेत तीनों भाइयों के नाम वरासत दर्ज कराने के लिए तहसील में लेखपाल के पास 31 मार्च 2023 को गया था। मृतक प्रमाण पत्र समेत आवश्यक कागजात हल्का लेखपाल को दिया गया। इसके बाद लेखपाल द्वारा दो हजार रुपये मांगा गया और वरासत के कागजात बनाने के एवज में अधिकारियों को देने की बात कही गई।

पीड़ित ने लेखपाल को दो हजार रुपये दे दिए। उसके बाद तीन हजार रुपए और मांगे गए। पीड़ित ने इसकी जानकारी फोन व तहरीर से एसडीएम को दी।आरोप है कि शिकायत से नाराज हल्का लेखपाल रविंद्र कुमार व लेखपाल अनिल कुमार समेत दो अन्य लेखपालों ने पीड़ित को पकड़कर तहसील हाॅल में ले जाकर दरवाजा बंद कर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। पीड़ित ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों को जुटता देख लेखपाल धमकी देते भाग गये। पीड़ित ने इसकी शिकायत उपजिलाधिकारी समेत उच्चाधिकारियों से की लेकिन न्याय नहीं मिला तो न्यायालय का दरवाजा खटखटाया।

वहीं लेखपाल रवींद्र कुमार व अनिल कुमार के मताबिक दो वर्ष पूर्व तहसील स्थित कार्यलय में उन लोगों पर प्रवक्ता अजय सिंह ने जाति सूचक शब्द बोलकर हमला किया था। जिसमें मुकदमा पंजीकृत कराया गया था। मामले में काफि समय से समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनके द्वारा मुकदमे की पेशबंदी के लिए झूठे आरोप लगाकर केस दर्ज कराया गया है। कहा पुलिस की जांच में सब कुछ साफ हो जाएगा। प्रभारी निरीक्षक दीपेन्द्र सिंह ने बताया कि हल्का लेखपाल रविंद्र सिंह व लेखपाल अनिल कुमार सहित दो अन्य लेखपालों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

















