कौशांबी में टोल प्लाजा से टकराया एलपीजी टैंकर,भीषण आग में 7 लोग झुलसे
कौशांबी।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सात बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया,जब एक एलपीजी से भरा टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद टोल प्लाजा में जा घुसा।टक्कर के बाद टैंकर से गैस रिसने लगी और देखते ही देखते उसमें भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि करीब दो किलोमीटर दूर तक धुएं का गुबार और लपटें दिखाई देने लगीं।

पुलिस के अनुसार,हादसे में सात लोग घायल हुए हैं, जिनमें छह टोलकर्मी और टैंकर चालक शामिल हैं। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया।सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस बल मौके पर पहुंचा तथा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।गंभीर रुप से झुलसे टोलकर्मियों आलोक सिंह,हीरामणि,अतुल मिश्रा और कृष्ण पाल मौर्य तथा चालक को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया।

हालत गंभीर होने पर उन्हें प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।दो अन्य घायल टोलकर्मियों का इलाज मूरतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है,उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।हादसे के बाद हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र को घेर लिया और लोगों को दूर रखा।

जिला प्रशासन ने तकनीकी टीम को बुलाकर आग लगने के कारणों और दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरु कर दी है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि टैंकर के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने के बाद गैस रिसाव हुआ,जिससे आग भड़क गई।राहत की बात यह रही कि समय रहते दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया,जिससे टैंकर में और बड़ा विस्फोट नहीं हुआ और एक संभावित बड़ी जनहानि टल गई।


















