क्रेटा कार की टक्कर से बाइक सवार परिवार के चार लोगों की मौत,मुख्यमंत्री ने जताया शोक
सहारनपुर।
तहलका 24×7
जिले के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई।हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई,जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।पुलिस के अनुसार धौलाकुआं के पास बेहट रोड पर तेज रफ्तार क्रेटा कार ने पीछे से एक बाइक को टक्कर मार दी।टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रुप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने चारों को मृत घोषित कर दिया।मृतकों की पहचान मलकपुर निवासी लविश (26),उनकी मां राजदुलारी (55),बहन अंजना उर्फ तन्नु (20) तथा ढाई वर्षीय पुत्री रूही के रुप में हुई।परिजनों के मुताबिक,लविश अपनी मां,बहन और बेटी के साथ कोठड़ी स्थित ससुराल से बाइक पर सवार होकर अपने गांव मलकपुर लौट रहे थे।

इसी दौरान धौलाकुआं के समीप पीछे से आ रही क्रेटा कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।बताया गया कि लविश मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी शादी वर्ष 2022 में हुई थी।परिवार में पत्नी और एक छोटा बेटा है।हादसे में उनकी बड़ी बेटी रूही की भी मौत हो गई।एक साथ चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरु कर दी।

दुर्घटनाग्रस्त वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।उधर,मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है।उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए,साथ ही दुर्घटना से प्रभावित लोगों के लिए आवश्यक राहत एवं सहायता कार्यों में तेजी लाने को कहा है।

















