क्लर्क ने खुद को गोली मारकर दी जान,सुसाइड नोट में लिखा- अब अपमान सहन नहीं होता
सहारनपुर।
तहलका 24×7
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में एक डिग्री कॉलेज के 52 वर्षीय क्लर्क ने कथित तौर पर तमंचे से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें मेडिकल कॉलेज ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान देवदत्त शर्मा के रुप में हुई।

पुलिस के अनुसार,आत्महत्या से पहले उन्होंने अपनी भांजी को व्हाट्सएप पर एक संदेश भेजा था।संदेश में उन्होंने लिखा कि वह लगातार अपमान झेल रहे थे और अब इसे सहन नहीं कर पा रहे हैं।उन्होंने यह भी लिखा कि उनकी पत्नी सीमा रानी को उनके शव को न छूने दिया जाए।संदेश में उन्होंने अपने अंतिम संस्कार को लेकर भी इच्छाएं व्यक्त कीं।

उन्होंने लिखा कि अंतिम संस्कार में उपलों का इस्तेमाल न किया जाए,अधिक खर्च न किया जाए और आत्मा की शांति के लिए कोई धार्मिक कार्यक्रम भी न कराया जाए।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरु कर दी है।आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।

















