गर्भवती महिला की मौत, चिकित्सक व कर्मचारियों पर केस

गर्भवती महिला की मौत, चिकित्सक व कर्मचारियों पर केस

खुटहन,जौनपुर। 
मुलायम सोनी 
तहलका 24×7 
            अस्पताल रोड स्थित किरण अस्पताल में उपचार के दौरान छह माह की गर्भवती महिला की मौत हो जाने से परिजन आक्रोशित हो गये।उन्होंने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए चिकित्सक व अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।घटना के बाद अस्पताल बंद कर आरोपितों के फरार होने की बात कही जा रही है।पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की पत्नी लक्ष्मी छह माह की गर्भवती थीं। परिजनों का कहना है कि गर्भधारण के बाद से उनकी जांच व इलाज आदि उक्त निजी अस्पताल में चल रहा था।बुधवार को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।आरोप है कि उपचार शुरु होने के बाद उनकी स्थिति में सुधार होने के बजाय दर्द और बढ़ गया।
शाम के समय चिकित्सक लक्ष्मी को जिले के एक निजी अस्पताल ले गए।वहां से आधी रात के बाद उन्हें वापस लाया गया और बताया गया कि ऑपरेशन के दौरान उनकी मृत्यु हो गई है।घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।परिवार वालों और अस्पताल पक्ष के बीच जमकर कहासुनी भी हुई।आरोप है कि मृत नवजात का शव न तो उन्हें दिखाया गया और न हीं दिया गया।
इसी रोड पर स्थित एक पैथोलॉजी जहां मृतका का अल्ट्रासाउंड किया गया था,जब पुलिस जांच पड़ताल को वहां पहुंची तो संचालक ने बताया कि सारा डेटा कंप्यूटर से डिलीट हो गया है।मृतका के पति रिंकू थाने पहुंच चिकित्सक तथा कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने आरोपों के आधार पर गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Previous articleसीयूईटी-युजी-26 में जान्हवी ने किया शानदार प्रदर्शन, इतिहास व भूगोल में 100 परसेंटाइल
Next articleवेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप, आपातकाल घोषित, हजारों मौतों की आशंका
Tahalka24x7
तहलका24x7 की मुहिम... "सांसे हो रही है कम, आओ मिलकर पेड़ लगाएं हम" से जुड़े और पर्यावरण संतुलन के लिए एक पौधा अवश्य लगाएं..... ?