गाजीपुर : ताईक्वांडो के अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक विजेता हर्ष सिंह हुए सम्मानित
सैदपुर। अंकित मिश्रा तहलका 24×7 गत 22 से 25 सितंबर तक नेपाल के पोखरा में आयोजित तृतीय माउंट एवरेस्ट अंतरराष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीत कर क्षेत्र व जिले का मान बढ़ाने वाले हर्ष सिंह के प्रथम आगमन पर गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी गैबिपुर में खिलाड़ियों ने जोरदार स्वागत किया।
विश्व ताईक्वांडो संघ द्वारा ग्रेड टू (G2) रैंकिंग प्राप्त उक्त प्रतियोगिता में मेजबान नेपाल, भारत, यमन, पाकिस्तान, मलेशिया, भूटान, साउथ कोरिया, श्रीलंका, बांग्लादेश, थाईलैंड, इंडोनेशिया इत्यादि देशों से सैकड़ों खिलाड़ी प्रतिभाग किये थें। उक्त प्रतियोगिता में हर्ष ने मेजबान नेपाल को फाइनल में 2-0 से हरा कर स्वर्ण पदक जीतने में सफल रहे। जनपद वापसी पर हर्ष को औड़िहार स्टेशन से गैबिपुर स्थित गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी तक ग्रामीणों ने कई स्थानों पर सम्मानित किया।
गाजीपुर ताईक्वांडो एसोसिएशन के सचिव व एकेडमी के प्रबन्ध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि हर्ष एक प्रतिभावान खिलाड़ी है, जिसने अब तक राज्य व राष्ट्रीय स्तर के प्रतियोगिता में दर्जनों पदक जीता है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की बात की जाए तो हर्ष ने जुलाई में आयोजित वर्ल्ड चैम्पियनशिप बुल्गारिया और अगस्त में आयोजित ऐशियन चैम्पियनशिप वियतनाम में भारतीय टीम के तरफ से खेलते हुए शानदार खेल का प्रदर्शन किया था। सम्मानित करने वालों में बॉक्सिंग प्रशिक्षक जयहिंद यादव, ताईक्वांडो के राष्ट्रीय खिलाड़ी शुभम मिश्रा, एकेडमी के सहायक ताईक्वांडो प्रशिक्षक बिपूज कुशवाहा, वूशु के राष्ट्रीय खिलाड़ी डबलू कुमार सहित एकेडमी से जुड़े दर्जनों खिलाड़ी उपस्थित रहे।